अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर The ShED-Forum द्वारा अपने स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक ऑनलाइन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय था –
“Unlocking Brighter Futures for Women: Education’s Power to Empower Backward Communities.”
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर मुजीबुर रहमान (जेएनयू नई दिल्ली) ने महिलाओं की शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है और इससे पिछड़े समुदायों में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
कार्यक्रम में डॉ. जहांगिर आलम (बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय), डॉ. सलीम अख्तर (पटना विश्वविद्यालय) तथा परवेज आलम (ब्लॉक सप्लाई ऑफिसर) ने भी अपने विचार रखते हुए महिलाओं की शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और रोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।

इसके अलावा हाजरा परवीन (एमिटी यूनिवर्सिटी, मुंबई), फौजिया तबस्सुम (एमबीबीएस, जेएलएनएम कॉलेज, भागलपुर), रौनक़ा परवीन (द सिटिजन पोस्ट) तथा तौहीदा खातून ने भी महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के विषय पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए शेड फोरम के प्रतिनिधि सबनवाज़ अहमद ने कहा कि संगठन का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से सीमांचल के पिछड़े इलाकों तक जागरूकता और अवसर पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि शेड फोरम लगातार ग्रासरूट स्तर तक अपनी पहुँच मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। पिछले आठ वर्षों के दौरान संगठन ने सीमांचल के विद्यार्थियों को देश की छह केंद्रीय विश्वविद्यालयों से जोड़ने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
उन्होंने आगे कहा कि संगठन की योजना है कि जल्द ही पटना विश्वविद्यालय में भी शेड फोरम का एक नया यूनिट स्थापित किया जाए, ताकि संगठन की गतिविधियाँ और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित की जा सकें तथा शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता को जमीनी स्तर तक पहुँचाया जा सके।
सबनवाज़ अहमद ने कहा कि सीमांचल क्षेत्र की साक्षरता दर को बढ़ाना शेड फोरम की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए संगठन आगे भी विभिन्न शैक्षिक और जागरूकता कार्यक्रमों को संचालित करता रहेगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में संगठन को और मजबूत बनाने के लिए एक व्यापक मेंबरशिप ड्राइव चलाई जाएगी, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं और शिक्षित लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि शेड फोरम द्वारा जमीनी स्तर पर शैक्षिक जागरूकता कार्यक्रम, निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन आदि प्रोग्राम चलाया जा रहा है, ताकि सीमांचल के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को शिक्षा और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम का ख़ोशबुर रहमान ने स्वागत भाषण (Welcome Speech) एवं अंत में धन्यवाद ज्ञापन (Vote of Thanks) प्रस्तुत किया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में The ShED Forum की आयोजक टीम के सदस्य मोहम्मद असलम, इफ्तेखारुल इस्लाम और शोएब मलिक आज़ाद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपनी मेहनत से कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।













