नई दिल्ली, 1 फरवरी 2026:
The ShED-Forum, जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिट की ओर से रविवार को “Career Pathways for Graduates: Employment & Higher Studies” विषय पर एकदिवसीय करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बाटला हाउस स्थित ज़हरा फ़ाउंडेशन एजुकेशनल सेंटर में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए।
कार्यक्रम में The ShED-Forum के संस्थापक और वक्ता सबनवाज़ अहमद ने संगठन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मंच का मक़सद छात्रों को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर उन्हें सोचने, समझने और सही करियर दिशा चुनने में मदद करना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तौकीर आलम ने युवाओं से समाज के प्रति जिम्मेदार बनने, जागरूक रहने और संगठित प्रयासों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने नेतृत्व, सार्वजनिक जीवन और करियर विकल्पों पर अपने अनुभव साझा किए, जिससे चर्चा को एक गहराई मिली।
कार्यक्रम के गेस्ट ऑफ ऑनर जुबैर आलम ने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए कहा कि अनुशासन, मेहनत और सेवा की भावना ही किसी भी सफल करियर की मज़बूत नींव होती है।
डॉक्यूमेंट्री फ़िल्ममेकर और KUKU FM के सीनियर मैनेजर अक़दस सामी ने मीडिया, AI, क्रिएटिव इंडस्ट्री और उच्च शिक्षा के अवसरों पर छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि अर्थपूर्ण और प्रभावशाली काम की शुरुआत कॉलेज के दिनों से ही की जा सकती है।
जेएनयू के पीएचडी स्कॉलर मोहम्मद शफीक ने सीमांचल के बच्चों को मुख्यधारा में कैसे लाया जाए इसपर छात्रों को मार्गदर्शन किया
इसके अलावा शाहिदुल्लाह सनाबिली ने छात्रों को विश्वविद्यालय जीवन के दौरान अपने कौशल पर लगातार काम करने और सीखने की आदत विकसित करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में आक़िब रज़ा भी शामिल रहे, जिन्होंने व्यावहारिक अनुभवों के आधार पर छात्रों को करियर से जुड़े अहम सुझाव दिए।

कार्यक्रम के दौरान सवाल-जवाब का सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें छात्रों ने अपने करियर और भविष्य से जुड़े सवाल पूछे। वक्ताओं के जवाबों को छात्रों ने बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में The ShED-Forum के सभी सदस्य समेत सोहेल अख़्तर और मोइन आलम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस कार्यक्रम का संचालन ShED-Forum जामिया यूनिट के छात्र मसरूर ने किया
पत्रकार शोएब मलिक आजाद ने कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का धन्यवाद किया और भविष्य में भी छात्रों के हित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।













