राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में एक अहम फैसला लिया गया। पार्टी ने तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह निर्णय तेजस्वी यादव के राजनीतिक करियर के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
हालांकि, इस फैसले के साथ ही लालू परिवार के भीतर चल रही सियासी खींचतान एक बार फिर सामने आ गई। तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर बिना नाम लिए भाई पर तीखा हमला बोला है।

कहां हुई बैठक?
RJD की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक पटना के होटल मौर्या में आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य, सभी प्रदेश इकाइयों के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्य शामिल हुए। कई राज्यों के प्रतिनिधि बैठक से एक दिन पहले ही पटना पहुंच गए थे।
तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों ने लगाई। बैठक में लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और मीसा भारती भी मौजूद रहीं।
रोहिणी आचार्य का हमला
रोहिणी आचार्य ने अपने एक्स (X) हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“सियासत के शिखर-पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप। ठकुरसुहाती करने वालों और ‘गिरोह-ए-घुसपैठ’ को उनके हाथों की ‘कठपुतली बने शहजादा’ की ताजपोशी मुबारक।”
उनकी इस टिप्पणी को तेजस्वी यादव की नियुक्ति पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।
सियासत के शिखर – पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप , ठकुरसुहाती करने वालों और " गिरोह – ए – घुसपैठ " को उनके हाथों की "कठपुतली बने शहजादा" की ताजपोशी मुबारक ..
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) January 25, 2026
पहले भी साध चुकी हैं निशाना
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में RJD की हार के बाद लालू परिवार के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए थे। रोहिणी आचार्य ने उस दौरान भी सोशल मीडिया के जरिए तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे।
इसके बाद से वह लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और भाई का नाम लिए बिना उन पर सवाल उठाती रही हैं। इससे पहले भी उन्होंने नेतृत्व पर सवाल खड़े करते हुए जवाबदेही, व्यवहार और पार्टी हितों को लेकर तीखी टिप्पणी की थी।













