अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सत्ता संभालते ही पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप द्वारा जारी एक कार्यकारी आदेश के तहत अमेरिका ने पाकिस्तान को दी जाने वाली विदेशी सहायता को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही, दी जा रही सहायता का पुनर्मूल्यांकन कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
अमेरिकी दूतावास के अनुसार, इस निर्णय से पाकिस्तान में ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य सुरक्षा, जलवायु और शिक्षा से जुड़ी कई परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। निलंबित की गई परियोजनाओं में पावर सेक्टर इम्प्रूवमेंट एक्टिविटी, पाकिस्तान प्राइवेट सेक्टर एनर्जी एक्टिविटी, क्लीन एनर्जी लोन पोर्टफोलियो गारंटी प्रोग्राम और पाकिस्तान क्लाइमेट फाइनेंसिंग एक्टिविटी शामिल हैं।
इसके अलावा, लोकतंत्र, मानवाधिकार और शासन निधि पर भी इस फैसले का असर पड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आशंका है कि कुछ परियोजनाएं स्थायी रूप से बंद हो सकती हैं या उनकी वित्तीय सहायता में कटौती हो सकती है। हालांकि, अभी तक पाकिस्तान सरकार ने इस फैसले के असर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।













